तीन अन्य भी पकड़े गए
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिले में अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को चार थाना क्षेत्रों की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने चोरी की स्ट्रीट लाइट और मंदिर की घंटियों के साथ एक आरोपी को पकड़ा, जबकि बदलापुर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। शाहगंज और नेवढ़िया पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर दो वारंटियों को गिरफ्तार किया।
मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र से सरोखनपुर निवासी रामरूप सिंह चौहान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हैवेल्स कंपनी की 16 स्ट्रीट लाइट और पीली धातु की चार घंटियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे के नेतृत्व में की गई।
वहीं, बदलापुर पुलिस ने रामजानकी तिराहे के पास से ऊदपुर घाटमपुर निवासी विजय कुमार गौतम को गिरफ्तार किया। वह धोखाधड़ी, कूटरचना, धमकी और अन्य आरोपों से संबंधित मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया।
शाहगंज पुलिस ने ताखा पूरब निवासी फूलचंद को न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
इसी क्रम में नेवढ़िया पुलिस ने पसियाही खुर्द निवासी अजय कुमार पटेल (43) को न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में पकड़ा। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह भी पढ़ें | जौनपुर में 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेगी सुविधा
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel