नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और अधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण मैनुअल का अनिवार्य रूप से अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को भी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा महिलाओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर **17 और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।**
इन कैंपों में बीएलओ अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 के साथ उपस्थित रहेंगे। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ कैंप में पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) की संख्या उपलब्ध हो, तो उसे भी साथ लेकर आएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए अधिकारियों के साथ-साथ नागरिकों का सक्रिय सहयोग भी आवश्यक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

