जौनपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं, रणजी टीम में मिले जगह : सुरेश रैना

Naya Savera Network

बोले- उत्तर प्रदेश में चार नहीं, छह रणजी टीमें बननी चाहिए, जौनपुर की टीम भी हो शामिल

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में चल रहे जौनपुर प्रीमियर लीग में पहुंचे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने जौनपुर की खेल प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जौनपुर प्रीमियर लीग एक बहुत अच्छी पहल है। यहां के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर मंच, संसाधन और लगातार अभ्यास का अवसर देने की। जौनपुर में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन का सहयोग सराहनीय है। सुरेश रैना ने कहा कि खेलों को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं। जौनपुर प्रीमियर लीग के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। यहां का मैदान भी बहुत अच्छा है और कुलपति ने आयोजन को सफल बनाने में बेहतर सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी लीग के आयोजन के लिए मजबूत टीम और सहयोग की आवश्यकता होती है। जौनपुर में यह आयोजन अच्छे तरीके से हो रहा है, जो भविष्य में यहां के खिलाड़ियों के लिए लाभदायक साबित हो सकता है।


जौनपुर की भी बने रणजी टीम


उत्तर प्रदेश में रणजी टीमों की संख्या बढ़ाने और जौनपुर की टीम को मौका देने के सवाल पर सुरेश रैना ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से इस विषय पर बातचीत की है। उन्होंने कहा कि रणजी टीमों का गठन करना बीसीसीआई के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में चार के बजाय छह रणजी टीमें बनाने पर विचार होना चाहिए, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि जब भारत अलग-अलग प्रारूपों और प्रतियोगिताओं में कई टीमों के साथ खेल सकता है, तो उत्तर प्रदेश में भी अधिक टीमों की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए। जौनपुर की टीम भी इस व्यवस्था में शामिल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों में भी स्थानीय स्तर पर टीमें बनाई जानी चाहिए। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे बढ़ने के लिए खिलाड़ियों को खुद भी मेहनत करनी होगी। प्रतिभा के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन की इच्छा जरूरी है।


वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की सराहना


युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का जिक्र करते हुए सुरेश रैना ने कहा कि बिहार का 15 वर्षीय खिलाड़ी आज अपनी प्रतिभा से दुनिया में पहचान बना रहा है। इतनी कम उम्र में इस स्तर तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वैभव के पिता ने उसे तैयार करने के लिए काफी मेहनत की है। किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, प्रशिक्षण और लगातार अभ्यास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रैना ने कहा कि क्रिकेट केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि यह मानसिक मजबूती और सही सोच का भी खेल है। खिलाड़ी को अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट रहना चाहिए। आत्मविश्वास, एकाग्रता और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।


हर स्तर पर नंबर एक बनने का लक्ष्य रखें खिलाड़ी


सुरेश रैना ने कहा कि देश में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अब बेहतर सहयोग मिल रहा है। यह सकारात्मक बदलाव है। जौनपुर जैसे क्षेत्रों से भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकल सकते हैं, बशर्ते उन्हें उचित प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर मिलें। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे हर स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने और नंबर एक बनने का लक्ष्य रखें। दूसरे देशों के खिलाड़ी भी इसी सोच के साथ मेहनत करते हैं, इसलिए भारतीय खिलाड़ियों को भी लगातार अपने खेल में सुधार करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: महिलाओं के प्रति सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाना सभी की जिम्मेदारी : वंशिका शुक्ला


हमारे चैनल को फॉलो करें और हर खबर से अपडेट रहें। 

नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel 


Gahna Kothi Jaunpur | गहना कोठी जौनपुर

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!