बड़े बेटे की पिटाई की जानकारी पर छोटे बेटे को लेकर थाने पहुंची थी मां, मामला एसपी तक पहुंचा
नया सवेरा नेटवर्क
जलालपुर। थाने में तैनात उपनिरीक्षक विजय सिंह पर मां के सामने नाबालिग को थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि दरोगा ने पहले बड़े बेटे को थाने लाकर उसकी पिटाई की। इसकी जानकारी होने पर मां छोटे बेटे के साथ थाने पहुंची थी। वहां बड़े बेटे की पिटाई का कारण पूछने पर दरोगा ने कथित तौर पर छोटे बेटे को भी थप्पड़ मार दिए। मामला पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह तक पहुंच गया है।
जलालपुर कस्बा निवासी 24 वर्षीय विवेक राणा गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने घर के पास दो दोस्तों के साथ सड़क किनारे बातचीत कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान सादे कपड़ों में पहुंचे उपनिरीक्षक विजय सिंह ने युवकों को वहां से हटने के लिए कहा और गाली-गलौज करने लगे। युवकों को दरोगा की पहचान नहीं थी। इसी दौरान विवेक ने मोबाइल से कथित गाली-गलौज का वीडियो बना लिया।
आरोप है कि इससे नाराज होकर दरोगा विवेक को थाने ले गए, जहां उसकी पिटाई की गई। यह भी आरोप है कि उससे वीडियो डिलीट करा दिया गया।
करीब एक घंटे बाद विवेक की मां सरिता और छोटा भाई विश्वा सोनकर को घटना की जानकारी हुई। दोनों विवेक को छुड़ाने के लिए थाने पहुंचे। आरोप है कि मां और छोटे बेटे ने जब विवेक का कसूर और पिटाई का कारण पूछा तो दरोगा आगबबूला हो गए और मां के सामने ही नाबालिग छोटे बेटे को कई थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद उसे भी बड़े भाई के साथ थाने में बैठा दिया गया।
बताया गमा महिला दोनों बेटों को छोड़ने के लिए काफी गुहार लगाई, लेकिन शुरुआत में उनकी बात नहीं सुनी गई। बाद में दरोगा को महिला के पति के जिलाधिकारी कार्यालय में सरकारी वाहन चालक होने की जानकारी हुई, जिसके बाद दोनों बेटों को तत्काल छोड़ दिया गया। महिला शुक्रवार को बेटों को लेकर पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के पास पहुंची और लिखित शिकायत की। महिला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने उसे न्याय का पूरा भरोसा दिया है। हालांकि, इस आरोपों के संबंध में उपनिरीक्षक विजय सिंह का पक्ष और पुलिस विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज की छात्राओं ने वृद्धाश्रम का किया भ्रमण
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


