नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन. की उपस्थिति में दो पालियों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रथम पाली का प्रशिक्षण सुबह 10 बजे तथा द्वितीय पाली का प्रशिक्षण दोपहर दो बजे आयोजित किया गया।
मतदान कार्मिकों को बताए गए अधिकार और कर्तव्य
प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों (प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय) को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और मतदान सामग्री के समुचित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का सावधानीपूर्वक पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
मतपेटिका और पेपर सील लगाने का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन के दौरान अमिट स्याही लगाने की प्रक्रिया, मतपेटिका को खोलने और बंद करने की विधि के बारे में बताया गया। इसके साथ ही हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण के माध्यम से मतपेटिका में पेपर सील लगाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। मतदान कार्मिकों को निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराया गया।
अध्ययन सामग्री का भली-भांति करें अध्ययन: जिलाधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने सभी मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान उपलब्ध कराई गई अध्ययन सामग्री का भली-भांति अध्ययन कर लें। प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर उसका समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षित और अपने दायित्वों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी मीनाछी देवी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Lucknow News: डॉ.कलाम की जयंती एवं महाप्राण निराला की पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
