#JaunpurLive : देश में इंडी गठबंधन के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा: गिरीश चन्द्र

Team NSN
 

जौनपुर। प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को नगर के स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुये कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर है। यूपी में एकतरफ़ा लहर है। प्रथम चरण का नामांकन ख़त्म हो चुका है। दूसरे चरण का नामांकन चल रहा है। पूरे प्रदेश में माहौल भगवामय, भाजपामय और मोदीमय है। प्रधानमंत्री के गरीब कल्याण के कार्यों के कारण मोदी के प्रति जनता के मन में विश्वसनीयता घर कर गई है। गरीब के जीवन स्तर में सुधार आया है वे ग़रीबी से निकल रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में इस बार 400 पार का आँकड़ा बीजेपी अवश्य पार करेगी, क्योंकि अबकी बार जनता फिर से मोदी जी को चुनने का मन बना चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि इंडी गठबंधन गुमराह कर रहा है। रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के भाई-चारे का डेली सोप देखा होगा। हमने देखा कि भ्रष्टाचारी किस घमंड से अपने भ्रष्टाचार को जस्टिफाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि भ्रष्टाचार हटाओ मगर इंडी गठबंधन के नेता कहते हैं कि भ्रष्टाचारी को बचाओ। इंडी गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री पर चाहे कितने भी हमले कर लें, प्रधानमंत्री मोदी रुकने वाले नहीं है। मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है और मोदी जी अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहें हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस-आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो इलू-इलू कर रही है लेकिन पंजाब में हम आपके हैं कौन हो रहा है। पश्चिम बंगाल में ममता ने साथ में लड़ने से इनकार कर दिया। बिहार में आरजेडी ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर दिए। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर दिए। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी छोड़कर सांसद और विधायक जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनके नेताओं के चेहरे देखिये, हर एक चेहरे पर घोटाले और भ्रष्टाचार का काला धब्बा है। जेल में बंद नेताओं को कोर्ट भी जमानत नहीं दे रही है। सत्येन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह को कोर्ट जमानत नहीं दे रही है। केजरीवाल और हेमंत सोरेन को भी जमानत नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस को इनकम टैक्स की रिकवरी नोटिस को हाईकोर्ट भी सही ठहरा चुका है। आजकल देश में विपक्षी पार्टियों द्वारा भ्रष्टाचार को मैडल की तरह पेश करने का फैशन चल पड़ा है। उनका भ्रष्टाचार ही उनका शिष्टाचार बन गया है। मामला कोर्ट में हो, तब भी इन सबको चिल्लाना है। यूपी को भ्रष्टाचार प्रदेश और दंगा प्रदेश बनाया। इन्होंने प्रदेश के संसाधनों को लूटने का समाजवादी मॉडल विकसित कर रखा था। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया इनकी मुख्य नीति थी।
प्रदेश की जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। जनता किसी के भी झाँसे में आने वाली नहीं है। यूपी में 80 की 80 सीटें भाजपा की झोली मे जाएगी।


from NayaSabera.com
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!