नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। बाल दिवस की पूर्व संध्या पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने ग्रामसभा बिरहदपुर में सराहनीय पहल की। इस दौरान नन्हे बच्चों के बीच स्कूल बैग, पेन, कॉपी और चॉकलेट वितरित किए गए। शैक्षणिक सामग्री और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में रक्षित प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने सपनों को साकार करने और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। आज के बच्चे ही कल के देश का भविष्य हैं। यदि उनके हाथों में किताबें और कंधों पर बस्ते होंगे, तो वे निश्चित रूप से बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण में योगदान देंगे।
वहीं दिव्यांशु सिंह ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर आई छोटी-सी मुस्कान भी बड़े बदलाव की शुरुआत हो सकती है। हमारा उद्देश्य केवल उपहार बांटना नहीं, बल्कि बच्चों के मन में शिक्षा के प्रति रुचि जगाना और उन्हें यह एहसास कराना है कि समाज उनके सपनों और भविष्य की चिंता करता है। यदि हमारी छोटी-सी पहल किसी बच्चे को पढ़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सके, तो यही हमारे प्रयास की सबसे बड़ी सार्थकता होगी। इस अवसर पर देवांश सिंह, नितेश पाल, प्रांशु सिंह, यश सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ब्लाक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का मनवाया लोहा
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

