नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। मुफ्तीगंज क्षेत्र के घुरहपुर, बेलाव, विजयपुर, आजादनगर, शिवनगर और सूरतपुर समेत कई गांवों में अघोषित बिजली कटौती और लगातार ट्रिपिंग से ग्रामीण परेशान हैं। भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। बिजली आने के बाद भी हर घंटे कई बार ट्रिपिंग होने से पंखे, कूलर और पानी की मोटर ठीक से नहीं चल पा रही हैं।
ग्रामीण लक्ष्मण प्रसाद, नीरज, लाला प्रमोद और श्रीकांत यादव ने बताया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करती है, लेकिन उनके क्षेत्र में मुश्किल से सात-आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग ने समस्या और बढ़ा दी है।
बिजली संकट का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। रात में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। पंखे और कूलर बंद रहने के कारण घरों में गर्मी और उमस बनी रहती है।
सिंचाई और पानी की व्यवस्था प्रभावित
बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेती और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। किसान सिंचाई के लिए बिजली पर निर्भर हैं, लेकिन पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिलने से खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। वहीं, बिजली न रहने से पानी की मोटर भी नहीं चल पा रही है, जिससे ग्रामीणों को घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाने में परेशानी हो रही है।
शिकायतों के बाद भी समस्या बरकरार
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती और ट्रिपिंग को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लगातार बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने क्षेत्र में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अवर अभियंता गुलाब प्रजापति ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: सनातन थीम की टाउनशिप विकसित करने पर निवेशक करें विचार : रविंद्र जायसवाल
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

