Jaunpur News: भारी बारिश के बीच देर रात शहर में निकले जिलाधिकारी, नखास के जर्जर राजभवन का भी किया निरीक्षण

Team NSN

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने देर रात शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर जलभराव, जल निकासी, गोमती नदी के जलस्तर, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, नखास के जर्जर राजभवन सहित गोमती नदी के आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भारी बारिश को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

निरीक्षण के दौरान जर्जर भवनों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को चिन्हित जर्जर भवनों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी कर नियमानुसार सुरक्षित तरीके से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर भवनों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने गोमती नदी के जलस्तर का भी निरीक्षण किया। रात्रि में निरीक्षण के दौरान नदी का जलस्तर सामान्य स्थिति में पाया गया। वहीं शहर के कुछ स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और नगर की स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए शहर की सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित कराने को कहा।




हमारे चैनल को फॉलो करें और हर खबर से अपडेट रहें। 

नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!