Mumbai News: सनातन थीम की टाउनशिप विकसित करने पर निवेशक करें विचार : रविंद्र जायसवाल

Naya Savera Network

नया सवेरा नेटवर्क

मुंबई। मुंबई के सहारा स्टार होटल में उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट फोरम (यूपीडीएफ) की ओर से यूपी डायस्पोरा के लिए ‘उत्तर प्रदेश में सनातन का अर्थशास्त्र’ विषय पर विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के स्टाम्प, पंजीयन एवं कोर्ट फी विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री रविंद्र जायसवाल ने निवेशकों से सनातन संस्कृति और सस्टेनेबिलिटी की अवधारणा पर आधारित टाउनशिप विकसित करने की दिशा में विचार करने का आह्वान किया।

मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि आज पूरी दुनिया सनातन जीवन पद्धति और सस्टेनेबिलिटी की ओर आकर्षित हो रही है। ऐसे में निवेशकों को सनातन थीम पर आधारित टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करना चाहिए। ऐसी टाउनशिप में समान जीवन मूल्यों और सामाजिक वातावरण वाले लोग एक साथ रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। स्टाम्प कानूनों में आपसी रिश्तेदारों तथा किरायेदारी से जुड़े अनुबंधों पर शुल्क को न्यूनतम किए जाने से लोगों को संपत्ति संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा मिली है और संपत्ति विवादों में भी कमी आई है।

जायसवाल ने स्टाम्प एवं पंजीयन विभाग में किए गए विभिन्न सुधारों की जानकारी देते हुए कहा कि संपत्ति के स्वामित्व का सत्यापन किए बिना उसके हस्तांतरण की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि स्टाम्प शुल्क में कई स्तरों पर राहत दिए जाने के बावजूद विभाग से होने वाली राजस्व आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का वातावरण बेहतर हुआ है और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से कई सुविधाएं और सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने प्रवासी उत्तर भारतीयों से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं यूपीडीएफ के चेयरमैन पंकज जायवसल ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पंकज जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से सनातन पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है और इससे आने वाले समय में निवेश की नई संभावनाएं पैदा होंगी।

सामाजिक कार्यों के लिए हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली के सामाजिक आंदोलनों तथा शुभ्रांशु दीक्षित द्वारा 3,500 से अधिक श्रद्धालुओं को काशी की निःशुल्क यात्रा कराने के प्रयासों के लिए मंत्री रविंद्र जायसवाल ने दोनों का शॉल श्रीफल देकर सम्मान किया।

कार्यक्रम के धन्यवाद प्रस्ताव में वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन ने यूपीडीएफ के विभिन्न सामाजिक एवं प्रवासी संपर्क अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संगठन मॉरीशस और सूरीनाम सहित विभिन्न देशों में कई पीढ़ियों पहले जाकर बसे गिरमिटिया भारतीयों को उनकी जड़ों और विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में इन्वेस्ट यूपी मुंबई चैप्टर के महाप्रबंधक रथीश नायर और उप महाप्रबंधक उज्ज्वल सैनी ने भी प्रवासी निवेशकों के साथ संवाद किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, सरकार की ओर से उपलब्ध सुविधाओं और निवेशकों को प्रदेश से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन यूपीडीएफ की ओर से शुभ्रांशु दीक्षित ने किया। उन्होंने मुंबई से काशी के लिए 11,000 लोगों को निःशुल्क यात्रा कराने का संकल्प भी व्यक्त किया।इस अवसर पर चित्रसेन सिंह ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित अपने प्रोजेक्ट और सरकार से अपेक्षित सहयोग के बारे में जानकारी साझा की। कार्यक्रम में बेलिफ फाउंडेशन के संस्थापक जयनारायण तिवारी, बीवीजी ग्रुप से प्रशांत, पृथ्वी ग्रुप से जनार्दन यादव, कोरियन इंडस्ट्री के सलाहकार अमित नारायण, उद्योजक कृष्ण कांत (के के)तिवारी टेकस्किल से राजन मट्टा, अमेरिकी कंपनी एवॉक्स के चेयरमैन अरविंद शर्मा, इन्वेस्टमेंट बैंकर अखंड सिंह, सुनील राजदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रवासी निवेशकों ने भाग लिया और उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सुशील प्रजापति, प्रीति प्रजापति एवं अंजलि बिंद ने प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं बनाया तृतीय स्थान 


हमारे चैनल को फॉलो करें और हर खबर से अपडेट रहें। 

नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel 


OPD Start : अशोक हॉस्पिटल महरुपुर वाराणसी-जौनपुर रोड जफराबाद जौनपुर | Emergency Contact : 7565955001, 7575955002
विज्ञापन

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!