राजस्व मामलों में निष्पक्ष जांच के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
नया सवेरा नेटवर्क
बक्शा, जौनपुर। शनिवार को झमाझम बारिश के बीच स्थानीय थाना परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। समाधान दिवस में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं और सभी मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित राजस्व कर्मियों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान मई गांव निवासी टिहुरी प्रसाद पुत्र छटंकी प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी जमीन पर विपक्षी द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच कर मौके पर ही शिकायत का निस्तारण कराया।
वहीं, शेष चार राजस्व संबंधी मामलों में संबंधित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस की अध्यक्षता बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने की। इस दौरान राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) अशोक द्विवेदी, क्षेत्रीय लेखपाल, पुलिसकर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
राजस्व कर्मियों को दिए सख्त निर्देश
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह एवं कानूनगो अशोक द्विवेदी ने राजस्व कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र की निष्पक्षता से जांच कर समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर विवादों का समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई एवं जांच आख्या को समाधान रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा। पुलिस एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद सहित अन्य राजस्व मामलों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही चेतावनी दी गई कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने अथवा नियम-कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर प्रकृति के मामलों की तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि फरियादियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय उपलब्ध कराना है।
यह भी पढ़ें | Thane News: हिंदी भाषा,संवाद नहीं राष्ट्रीय एकता का सूत्र है: डॉ. दामोदर खड़से
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

