नया सवेरा नेटवर्क
पटना। बिहार में महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म तथा हत्या जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर बिनय कुमार यादव ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अपराध में कमी से जुड़े सरकारी आंकड़े अपनी जगह हैं, लेकिन जब तक किसी परिवार का सदस्य अपराध का शिकार होता रहेगा, तब तक यह समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी, वैज्ञानिक तरीके से जांच और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए। गंभीर मामलों की पुलिस मुख्यालय स्तर से नियमित मॉनिटरिंग हो और दोषियों को सजा दिलाने पर विशेष जोर दिया जाए।
बिनय कुमार यादव ने सरकार और प्रशासन से दुष्कर्म व हत्या के मामलों में त्वरित जांच और समय से चार्जशीट दाखिल करने, पीड़ित परिवारों को तत्काल कानूनी एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने तथा महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार शीघ्र सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ समाज और नागरिक संगठनों को भी जागरूकता अभियानों से जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि बिहार ऐसा राज्य बने जहां हर महिला, बच्ची और नागरिक बिना भय के घर से बाहर निकल सके। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि जमीन पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित न्याय से सुनिश्चित होगा।
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel