राज कॉलेज में हिंदी दिवस पखवाड़ा संगोष्ठी आयोजित
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। राजा श्रीकृष्ण दत्त पीजी कॉलेज, जौनपुर में 23 सितंबर को हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस पखवाड़ा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज, बदलापुर के प्रो. धीरेन्द्र कुमार पटेल रहे। उन्होंने हिंदी भाषा के उद्भव और विकास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी एक समृद्ध भाषा है। इसमें अरबी, फारसी, उर्दू, अंग्रेजी, अपभ्रंश और संस्कृत सहित विभिन्न भाषाओं के शब्दों का समावेश हुआ है। उन्होंने हिंदी के राजभाषा बनने तक की यात्रा को भी विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. शंभूराम ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसे बोलने में गर्व महसूस होना चाहिए। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संवेदना, विचार परंपरा और अस्मिता की जीवंत अभिव्यक्ति है। महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. सत्यराम प्रजापति ने हिंदी के महत्व पर विचार व्यक्त किए। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. सुधा सिंह ने कहा कि हिंदी देश को संपर्क सूत्र में बांधने का सशक्त माध्यम है। संवाद, विचार-विमर्श, पठन-पाठन और लेखन में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग होना चाहिए। सहायक आचार्य डॉ. मधु पाठक ने हिंदी को राष्ट्रीय एकता का माध्यम बताया, जबकि डॉ. रागिनी राय ने हिंदी को भावनाओं की सरल अभिव्यक्ति का स्रोत बताया। संचालन सहायक आचार्य डॉ. रमेश चंद्र सोनी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel