मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड मड़ियाहूं के ग्राम पंचायत जमालपुर में बिजली विभाग की लापरवाही उस समय उजागर हो गई, जब ट्रांसफार्मर की डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन पैनल) अचानक धू-धू कर जलने लगी। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान डीपी जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
ग्रामीण रामकुमार यादव ने बताया कि उपकरणों के रखरखाव में विभाग की उदासीनता के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। समय पर मरम्मत और निगरानी न होने से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भीषण गर्मी में पेयजल, घरेलू कार्यों और अन्य दैनिक जरूरतों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से क्षतिग्रस्त डीपी को शीघ्र बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

