जौनपुर। प्रसिद्ध शीतला चौकियां धाम में इन दिनों दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन मंदिर मार्ग पर अधूरा सड़क निर्माण कार्य भक्तों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। सड़क को खोदकर गिट्टी बिछाने के बाद निर्माण कार्य कई दिनों से बंद पड़ा है, जिससे दर्शनार्थियों को नंगे पांव गिट्टी और पत्थरों पर चलकर मंदिर तक पहुंचना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर के सामने स्थित चक्की गली को लगभग 20 दिन पहले खोदा गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। वहीं बड़ागर स्कूल के पास से काली माता मंदिर तक सड़क का कुछ हिस्सा बनाया गया, जबकि आगे शीतला माता मंदिर के मुख्य मार्ग पर गिट्टी और बालू डालकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
अधूरी सड़क के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नंगे पांव दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को गिट्टी पर चलना पड़ रहा है, जिससे उन्हें चोट लगने और असुविधा होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण में हो रही देरी से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले भक्त भी परेशान हैं।
लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इधर, भक्तों की परेशानी को देखते हुए महंगूपुर में समाजसेवी युवा विक्की यादव और उनके सहयोगियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
![]() |
| विज्ञापन |



0 टिप्पणियाँ