घटना के बाद भाग रहे ट्रक को खाखोपुर बाजार से पुलिस ने लिया कब्जे में
मछलीशहर, जौनपुर। कोठारी गांव निवासी वृद्ध की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई है। शनिवार को सुबह घटना को अंजाम देने के बाद फरार ट्रक चालक को वाहन समेत पुलिस ने खाखोपुर बाजार से पकड़ लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है।
ग्राम प्रधान संजय यादव ने बताया कि उनके गांव कोठारी निवासी सत्यनारायण यादव (65) बाजार में आए थे। पेशे से शटरिंग का काम करने वाले कस्बे में साइट पर गए थे।वहाँ से कुछ कार्य वश कोतवाली की तरफ जा रहे थे कि कोतवाली कार्यालय से 50 मीटर पहले मुंगराबादशाहपुर तिराहे के पास पीछे से आ रही ट्रक ने उनकी बाइक में धक्का दिया, जिससे वे गिर पड़े, मौके पर ही उनकी दबने से मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर उसे खाखोपुर बाजार से पकड़ लिया है। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक के बेटे बाहर है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। ट्रक चालक को वाहन समेत कब्जे में लेकर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाही की जा रही है।


