खुटहन, जौनपुर। बंदनपुर गांव स्थित शारदा सहायक नहर की पुलिया के पास गुरुवार को लगभग 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पानी में औंधे मुंह बहता मिला। शव दिखाई देने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन घंटों की कोशिश के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक ने गुलाबी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि उसके शरीर के निचले हिस्से में कोई वस्त्र नहीं था।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास भी किया जा रहा है।
