महिला हॉकी में रायपुर को 7-0 और पुरुष हैंडबॉल में रांची को 40-24 से हराया
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के खिलाड़ियों ने अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय को दोहरी सफलता दिलाई है। पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की महिला टीम ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) को 7-0 गोल से करारी शिकस्त दी। वहीं, पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की पुरुष टीम ने रांची विश्वविद्यालय, रांची को 40-24 गोल से पराजित किया। दोनों टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
विश्वविद्यालय की दोनों टीमों की इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन उत्साहजनक है।
महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन संबलपुर विश्वविद्यालय, ओडिशा में किया गया है। प्रतियोगिता में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की महिला खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक और दमदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने प्रतिद्वंद्वी को गोल करने का कोई अवसर नहीं दिया और सात गोल दागकर एकतरफा जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के साथ टीम ने अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला हॉकी प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।
इसी क्रम में पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी में किया गया है। प्रतियोगिता में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने रांची विश्वविद्यालय को 40-24 गोल से हराकर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त की। खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, आक्रामक रणनीति और मजबूत खेल कौशल का परिचय देते हुए यह महत्वपूर्ण जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ‘ज्ञानदीप-2026’ से जगमगाया एचआरडी विभाग
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


