महिला सफाई कर्मियों का हुआ सम्मान
दीपोत्सव पर पुस्तक पठन, कक्ष सज्जा एवं रचनात्मक गतिविधियों के जरिए दिया ज्ञान
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग में दीपावली के उपलक्ष्य में ‘ज्ञानदीप-2026’ दीपोत्सव समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह में पुस्तक पठन, कक्षा सज्जा एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने ज्ञान, सृजनशीलता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। इस अवसर पर विभाग में कार्यरत दो महिला सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पुस्तक पठन गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वहीं विद्यार्थियों के बीच कक्षा सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने कक्ष संख्या 209 तथा द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने कक्ष संख्या 212 को आकर्षक ढंग से सजाया। दोनों कक्षों की साज-सज्जा, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयास को देखते हुए दोनों कक्षाओं को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण विभाग में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारी गायत्री देवी एवं सविता देवी का सम्मान रहा। दोनों को शॉल एवं उपहार भेंटकर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा निक्की तिवारी ने महिला कर्मचारियों के सम्मान में भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. रशिकेस ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का विकास करते हैं। कहा कि अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित न रखकर समाज के सकारात्मक विकास में भी करना चाहिए।
समापन अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. प्रवीण कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। शिक्षक अनुपम कुमार ने कहा कि दीपावली केवल बाहरी प्रकाश का पर्व नहीं है, बल्कि स्वयं को ज्ञान और सकारात्मक विचारों से प्रकाशित करने का अवसर भी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र वालंटियर जव्हावी, दीक्षा, प्रिया, सोनाली, दिव्यांशु, गौरी, हिमांशु, अनु पांडेय, अभय, निमिषा, वंशिका, नंदनी, तनु, प्रियांशी, हर्षिता, आराध्या एवं रितिका सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पूर्वांचल विश्वविद्यालय में दो शिक्षक बने ओएसडी
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


