मंडलायुक्त शंभू कुमार की प्रेरणा पर उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पांडेय के निर्देशन में भोर तक हुई नीलामी
निर्भय सक्सेना @ नया सवेरा
बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रामगंगा नगर एवं ग्रेटर बरेली आवासीय योजना की संपत्तियों के लिए आयोजित निविदा- सह- नीलामी में रिकॉर्ड 283 आवेदकों ने प्रतिभाग किया तथा 106 भूखंडों के आवंटन से प्राधिकरण को लगभग 125 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि प्राधिकरण की योजनाओं के प्रति आमजन एवं निवेशकों के बढ़ते विश्वास का परिचायक है।
03 नवंबर को दोपहर 12 बजे प्राधिकरण कार्यालय में प्रारंभ हुई नीलामी आवेदकों के अभूतपूर्व उत्साह एवं कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते लगभग 16 घंटे चली। 04 नवंबर की सुबह 04:30 बजे तक चली। उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पांडेय (आईएएस) के निर्देशन में इस नीलामी में वह। स्वयं देर रात तक उपस्थित रहीं तथा समस्त अधिकारियों के साथ उन्होंने सभी कार्रवाइयां पूर्ण कराईं। नियमानुसार संपूर्ण कार्यवाही पूरी पारदर्शिता के साथ पूर्ण हुई, जिससे प्रत्येक आवेदक को समान अवसर प्राप्त हुआ।
नीलामी में 438 भूखंड (371 व्यावसायिक एवं 67 आवासीय) रखे गए थे, जिनके लिए आवासीय श्रेणी में 172 तथा व्यावसायिक श्रेणी में 111 आवेदकों ने प्रतिभाग किया।
उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पांडेय (आईएएस) ने कहा कि उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का स्पष्ट विजन है कि प्रदेश में ऐसे आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर विकसित हों, जो निवेश, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएं। रिकॉर्ड भागीदारी एवं 125 करोड़ रुपए का राजस्व इस बात का प्रमाण है कि आमजन का बरेली विकास प्राधिकरण की पारदर्शी कार्यप्रणाली पर भरोसा निरंतर मजबूत हो रहा है। प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर के सुनियोजित विकास के लिए किया जाएगा।
उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने कहा कि सफल आवंटियों को आवंटन पत्र जारी करने सहित आगामी समस्त कार्यवाही निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएगी।
बेहतर कनेक्टिविटी बरेली- बीसलपुर मार्ग एवं दिल्ली-लखनऊ हाईवे के निकट स्थित इन योजनाओं से रेलवे स्टेशन, सैटेलाइट बस स्टेशन एवं एयरपोर्ट 10 से 20 मिनट की दूरी पर हैं। योजनाओं में 45, 30 एवं 18 मीटर चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत लाइन, पार्क एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स प्रस्तावित हैं। आवंटियों को किस्तों में भुगतान की सुविधा के साथ एकमुश्त भुगतान पर 45 दिवस में 06 प्रतिशत, 60 दिवस में 05 प्रतिशत तथा 90 दिवस में 04 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
बीडीए की यह नीलामी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के अनुरूप बरेली को एक आधुनिक एवं निवेश-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के प्राधिकरण के प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करती है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: वरिष्ठ कांग्रेस नेता अतुल सिंह के पिता श्याम बहादुर सिंह का निधन, शोक की लहर
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


