निर्भय सक्सेना @ नया सवेरा
बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आई. एम. ए.) बरेली स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में आईसीयू गाइडलाइंस को लेकर मंथन हुआ।और इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि दिशा- निर्देशों का पालन करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का उचित समाधान भी किया जाए। आई एम ए भवन में हुई बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अंसारी, डॉ. मीसम अब्बास (डिस्ट्रिक्ट एपिडेमियोलॉजिस्ट, सीएमओ कार्यालय) एवं शैलेन्द्र सिंह (जिला मलेरिया अधिकारी, बरेली) भी शामिल रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप जारी "आईसीयू गाइडलाइन 2026” के क्रियान्वयन एवं अनुपालन को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में बरेली के विभिन्न निजी क्लीनिकों, नर्सिंग होम एवं अस्पतालों से जुड़े चिकित्सकों ने गाइडलाइंस के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं एवं कठिनाइयों को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष रखा। चिकित्सकों ने अपने संस्थानों में आईसीयू सेवाओं के संचालन, निर्धारित मानकों एवं दिशा- निर्देशों के अनुपालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपनी शंकाएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने चिकित्सकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर चर्चा की। आई. एम. ए. बरेली के अध्यक्ष डॉ. डी. पी. गंगवार ने कहा कि आई.सी.यू. गाइडलाइंस का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं मरीजों की सुरक्षा को बेहतर बनाना है, लेकिन इनके क्रियान्वयन में स्थानीय स्तर पर अस्पतालों की सुविधाओं एवं व्यावहारिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आई.एम.ए. प्रशासन और चिकित्सक समुदाय के बीच समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
आई.एम.ए. बरेली के मानद सचिव डॉ. मोहित अग्रवाल ने कहा कि निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों के चिकित्सकों के सामने नई गाइडलाइंस के अनुपालन को लेकर कई व्यावहारिक चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की शंकाओं का उचित समाधान एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलना आवश्यक है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी संस्थान निर्धारित नियमों का सुचारू रूप से पालन कर सकें।
बैठक में कोषाध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह गंगवार, डॉ. पूजा गोयल, डॉ. निलय राज महाजन एवं डॉ. नासिरुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मृत्युञ्जय महादेव धाम में होगी महिला सुंदरकांड गायन प्रतियोगिता, महाशिवरात्रि पर होगा समापन एवं पुरस्कार वितरण
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

