नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को पुलिस लाइन जौनपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसके बाद एसएसपी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता, सत्यनिष्ठा तथा राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों, सादगी, सत्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से प्रदान किए गए ‘अति उत्कृष्ट सेवा पदक’ से मुख्य आरक्षी परिवहन धर्मेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वहीं मु.आ. सुरेंद्र यादव को उनके साहसिक कार्यों के लिए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किया गया प्रशस्ति पत्र सौंपा गया।
इस अवसर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों में मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनन्त चन्द्रशेखर, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर गोल्डी गुप्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक सदर सम्यक चौधरी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पुलिस कार्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर दिलाई गई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


