नया सवेरा नेटवर्क
चंदवक , जौनपुर। कनौरा गांव से गाय लादकर जा रही पिकअप को रोकने के दौरान चालक पर बाइक सवार युवक को कुचलने के प्रयास का आरोप लगा है। युवक ने सड़क किनारे गड्ढे में कूदकर जान बचाई। टक्कर से उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने पिकअप को घेरकर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपियों को छुड़ाकर ले जाने का आरोप है।
कनौरा निवासी रोनित सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि पिकअप से गाय को देवगांव की ओर ले पशु तस्कर द्वारा ले जाया जा रहा है। पुलिस को सूचना देने के बाद वह गिरिराज कुमार, साहिल और चंद्रशेखर गौड़ के साथ बाइकों से पिकअप का पीछा करने लगे। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर पीएसीएफ गोदाम के पास उन्होंने वाहन रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि पिकअप में बैठे व्यक्ति ने चालक से वाहन चढ़ाकर मारने को कहा। चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद दोबारा कुचलने का प्रयास किया, जिससे बचने के लिए वह गड्ढे में कूद गए। शोर सुनकर ग्रामीणों ने पिकअप को घेर लिया। तहरीर के अनुसार, वाहन में चालक ताहिर पुत्र नूर मोहम्मद, बंधु पुत्र बद्दू निवासी रामपुर कंजहित, थाना देवगांव और एक अज्ञात व्यक्ति सवार था। इसी दौरान संतोष सिंह उर्फ पुल्लू निवासी चेवार पर बंधु और अज्ञात युवक को छुड़ाकर ले जाने का आरोप लगाया । बजरंगनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप व पकड़े गए ताहिर को थाने ले गई। रोनित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले में कई बिंदु ऐसे हैं जो सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं। पकड़ी गई पिकअप में एक बूढ़ी गोवंश लदी है जो थाने में खड़ी है। पीटा गया चालक भाग कर देवगांव कोतवाली में गया और अपनी रिपोर्ट दर्ज कराया जो कि ऐसा नहीं होता कि कोई गोवंश तस्कर भाग कर थाने जाय। सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि काफी दिनों से गो वंश तस्करी का काम दिन दहाड़े चल रहा हो और पुलिस को कानों कान तक कोई खबर नहीं है। चंदवक पुलिस क्या कर रही थी। क्या उसके सारे सूत्र फेल हो गए थे। इन कई बिंदुओं पर गहन विचार किया जाए तो मामला पुलिस की जांच में सामने आएगा। पुलिस अपनी जांच में आस पास के सीसी फुटेज व अन्य सूत्रों का सहारा ले रही है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सामूहिक प्रयास से पीयू नई ऊंचाइयों पर पंहुचेगा: कुलपति
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

