जितेंद्र जी महाराज ने सुनाया भगवान श्रीराम के जन्म का भावपूर्ण प्रसंग, श्रद्धालु हुए भावविभोर
नया सवेरा नेटवर्क
मुंबई, कांदिवली। सत्य संकल्प सेवा संस्थान के तत्वावधान में ईरानीवाड़ी, कांदिवली (पश्चिम), मुंबई में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान आज भगवान श्रीराम के जन्म का पावन प्रसंग श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा वाचक जितेंद्र जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म की कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए उनके आदर्श जीवन और मर्यादाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
श्रीराम जन्म प्रसंग के दौरान कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग आते ही श्रद्धालुओं ने हर्ष और उत्साह के साथ ‘जय श्रीराम’ के जयघोष किए। पूरा कथा पंडाल भक्ति के रंग में रंग गया। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर कथा का श्रवण किया और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कथा वाचक जितेंद्र जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन सत्य, धर्म, त्याग, मर्यादा और कर्तव्य का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम ने विपरीत परिस्थितियों में भी मर्यादा और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा। उनका जीवन परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने की प्रेरणा देता है।
महाराज ने कहा कि आज के समय में समाज को संस्कार, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की आवश्यकता है। भगवान श्रीराम के जीवन एवं चरित्र से प्रेरणा लेकर व्यक्ति अपने परिवार और समाज में प्रेम, अनुशासन, सेवा तथा सद्भाव की भावना को मजबूत कर सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रीराम के आदर्शों को केवल कथा तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में उतारने का आह्वान किया।
श्रीराम जन्म प्रसंग के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने बड़ी श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया। भजन एवं जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय बना रहा।
विशेष सहयोग: कार्यक्रम को सफल बनाने में लालसिंह पुरोहित, मुनिर पाडे, रविन्द्र सिंह, प्रेमा सिंह, अनिल एवं उर्मिला गुप्ता, सुषमा कनौजिया, अनुपमा तिवारी, सुधा सिंह, पतिमा भार्गव एवं दीपमाला सहित अन्य श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
सत्य संकल्प सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की सहभागिता लगातार बनी हुई है। कथा के आगामी प्रसंगों में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: राजकीय हाईस्कूल परियावां में ‘कबाड़ से जुगाड़’ अभियान, बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

