नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। मड़ियाहूं नगर पंचायत के भंडरिया टोला निवासी ग्राम विकास अधिकारी जय सिंह गुप्ता पर सोमवार सुबह विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर हमला कर दिया गया। घटना में जय सिंह गुप्ता के अलावा बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बड़े भाई संतोष गुप्ता और भांजे प्रियांशु गुप्ता भी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे जय सिंह गुप्ता अपने घर से मड़ियाहूं विकासखंड कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में रामपुर खास स्थित उनके बड़े भाई की विवादित भूमि पर कुछ लोग कब्जे की नीयत से मौजूद थे। जय सिंह गुप्ता ने वहां रुककर लोगों से पूछताछ करने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसी दौरान लोगों ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड, असलहा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में जय सिंह गुप्ता के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर उनके भाई संतोष गुप्ता और भांजे प्रियांशु गुप्ता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने ग्राम विकास अधिकारी का डोंगल और कागजात भी फाड़ दिए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर भंडरिया टोला निवासी विनोद जायसवाल, मईडीह गांव निवासी राज जायसवाल, रिशु जायसवाल, सरोज जायसवाल और शिवम जायसवाल, ददरा निवासी टोनी जायसवाल तथा रामपुर खास निवासी लाल बहादुर और मंगरू समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: कलेक्ट्रेट में अनुदानित कॉलेजों के शिक्षकों का प्रदर्शन, सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक मानदेय की मांग
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

