Jaunpur News: स्वयं सहायता समूह से नाथुपुर में सफल हुआ आरआरसी मॉडल

Naya Savera Network

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। विकास खंड सिरकोनी की ग्राम पंचायत नाथुपुर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की पहल अब स्वयं सहायता समूह के माध्यम से सफल मॉडल का रूप ले रही है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत संचालित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) से गांव में नियमित कूड़ा संग्रहण और कचरा प्रबंधन के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आजीविका का अवसर भी तैयार हुआ है।


आरआरसी के संचालन के लिए ग्राम पंचायत ने केंद्रीय वित्त आयोग के टाइड फंड से ई-रिक्शा और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की थी। हालांकि नियुक्त कर्मी की आय और कार्य से सीधा जुड़ाव नहीं होने के कारण यह व्यवस्था लंबे समय तक प्रभावी नहीं रह सकी। इसके बाद ग्रामीणों और दुकानदारों से शुल्क लेकर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया गया, लेकिन नियमित भुगतान में असहमति और जनभागीदारी की कमी के कारण यह व्यवस्था भी स्थायी नहीं हो सकी।


इन अनुभवों के बाद ग्राम पंचायत और प्रशासन ने आरआरसी के संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह को सौंपने का निर्णय लिया। समूह को आरआरसी, बिजली-पानी की सुविधा, संपर्क मार्ग, सक्रिय ई-रिक्शा और प्रारंभिक संचालन सहयोग उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही समूह को गांव में नियमित कूड़ा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।


समूह के सदस्यों को विकास खंड स्तर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और आरआरसी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। स्थानीय कबाड़ दुकानों का भ्रमण कराकर कचरे के मूल्य और उसके उचित प्रबंधन की जानकारी दी गई। प्लास्टिक कचरे की सफाई, वर्गीकरण, बंडलिंग और मूल्य संवर्धन की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को बेहतर मूल्य पर बेचकर समूह आय अर्जित कर सके।


नई व्यवस्था के बाद गांव में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे हैं। परिवारों द्वारा घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग किया जा रहा है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार कूड़ा वाहन प्रतिदिन घर-घर पहुंचकर कचरा एकत्र करता है। इसके बाद कचरे को आरआरसी केंद्र पर लाकर उसका पृथक्करण और उचित निस्तारण किया जाता है।


इस व्यवस्था से गांव की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को कचरे से आय अर्जित करने का अवसर मिला है। ग्रामीणों में भी स्वच्छता और कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। नाथुपुर ग्राम पंचायत का यह प्रयास स्वच्छता, जनभागीदारी और आजीविका को एक साथ जोड़कर ग्रामीण स्तर पर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

यह भी पढ़ें | Mumbai News: डिजिटल लेबर चौक ऐप से श्रमिकों को सीधे रोजगार से जोड़ने की पहल



हमारे चैनल को फॉलो करें और हर खबर से अपडेट रहें। 

नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel 


Gahna Kothi Jaunpur | गहना कोठी जौनपुर

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!