मुंबई। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी तथा राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े के मुंबई स्थित आवास पर भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर विघ्नहर्ता गणपति से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान ज्ञान प्रकाश सिंह ने विनोद तावड़े का स्वागत किया। गणेशोत्सव के अवसर पर दोनों नेताओं के बीच आत्मीय मुलाकात हुई। पूजा-अर्चना के बाद उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। आगामी राजनीतिक गतिविधियों, पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
विनोद तावड़े ने कहा कि गणेशोत्सव भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। भगवान गणेश विघ्नों को दूर करने और शुभ कार्यों की शुरुआत के प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ज्ञान प्रकाश सिंह ने भी गणेशोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर स्थानीय स्तर के भाजपा कार्यकर्ता और गणेशोत्सव से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
