15,630 रुपये नकद समेत 18 एटीएम कार्ड, 13 बैंक पासबुक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
नया सवेरा नेटवर्क
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने के मामले में साइबर सेल और थाना मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने वांछित जनसेवा केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 15,630 रुपये नकद, 18 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, चार आधार कार्ड, कूटरचित प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान की मुहर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को साइबर सेल आजमगढ़ को जमुनीपुर निवासी जनसेवा केंद्र संचालक अनिल कुमार के खिलाफ ग्रामीणों के साथ साइबर धोखाधड़ी और बैंक खातों से रकम निकालने की शिकायत मिली थी। मामले में मेहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिले कई बैंक दस्तावेज
पुलिस ने आरोपी के पास से 15,630 रुपये, तीन मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, दो माइक्रो एटीएम मशीन, एक बायोमीट्रिक मशीन और एक यूएसबी जीपीएस रिसीवर बरामद किया। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के 18 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, चार आधार कार्ड, एक कूटरचित प्रमाण पत्र, ग्राम पंचायत चाकीडीह के प्रधान की मुहर और मुहर लगे तीन हस्ताक्षरित सादे कागज भी मिले।
ग्रामीणों के दस्तावेज रखने का आरोप
प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि जनसेवा केंद्र चलाने के दौरान आरोपी ग्रामीणों से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज अपने पास रख लेता था। इसके बाद उनके बैंक खातों से धोखाधड़ीपूर्वक रकम निकालने या स्थानांतरित करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, ग्राम प्रधान की मुहर का दुरुपयोग कर कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार करने की बात भी सामने आई है।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की होगी जांच
पुलिस ने बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की तकनीकी एवं फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। संबंधित बैंक खातों और लेन-देन की भी विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की मोटरसाइकिल के कागजात प्रस्तुत न करने पर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश जायसवाल, कांस्टेबल श्याम कुमार, सत्येंद्र यादव तथा थाना मेहनाजपुर के उपनिरीक्षक दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल गुरुदयाल सिंह, पवन कुमार सिंह और रिजर्व कांस्टेबल गौरव मणि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: रोजगार मेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


