दुर्गा पूजनोत्सव की तैयारियों को लेकर महासमिति की हुई बैठक
जौनपुर। श्री दुर्गा पूजा महासमिति की बैठक महासमिति के केंद्रीय कार्यालय नवदुर्गा मंदिर, नखास में नव चयनित अध्यक्ष मनीष देव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी शारदीय नवरात्र में दुर्गा पूजनोत्सव के अवसर पर महासमिति द्वारा आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पुरस्कार वितरण सहित अन्य आयोजनों के सम्बन्ध में भी विचार-विमर्श किया गया।
अध्यक्ष ने कहा कि नवरात्र के दौरान सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए समयबद्ध तैयारी आवश्यक है। शारदीय नवरात्र से पहले नगर एवं ग्रामीण अंचलों की सड़कों की खराब स्थिति पर चर्चा की गई। महासमिति ने जिला प्रशासन से मांग की कि नवरात्र शुरू होने से पहले नगर और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त कराया जाए, ताकि विभिन्न पूजा समितियों को मां दुर्गा की प्रतिमाओं को पंडालों तक ले जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर भी जिला प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। महासमिति के सदस्यों ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नवरात्र से पहले बिजली व्यवस्था, सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करा दिया जाय। निर्णय लिया कि जल्द ही महासमिति जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग से मुलाकात कर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य जनसमस्याओं से संबंधित मांगों का पत्रक अधिकारियों को सौंपा जाएगा। बैठक में महेश जायसवाल, प्रिन्स तनेजा, विवेक जायसवाल, कृष्ण कुमार, महेंद्र अग्रहरि, उदय मौर्य, रोहित सिन्हा,यश गुप्ता, रतन मौर्या, द्वारिकेश अग्रहरि, रवि शंकर यादव, मुकुल यादव सहित महासमिति के समस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी महासमिति के मीडिया प्रभारी दीपक श्रीवास्तव ने दी।
