बरसठी। बिजली कर्मचारी से गाली-गलौज के वायरल ऑडियो प्रकरण में पुलिस ने एक सपा नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जा रहा है कि 22 अगस्त की रात हुई कथित बातचीत को लेकर विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ ने 10 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। थाना क्षेत्र के बडेरी चौकी अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र उतराई पर तैनात एसएसओ ज्ञान प्रकाश पाल ने तहरीर में आरोप लगाया कि 22 अगस्त की देर रात गद्दोपुर गांव निवासी भारत यदुवंशी ने फोन कर बेलवा फीडर की रोस्टेड विद्युत आपूर्ति चालू करने के लिए दबाव बनाया। ओवरलोड के कारण रोस्टिंग की जानकारी देने पर आरोप है कि गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में कर्मचारी ने कहा है कि इस तरह की घटना पहले भी कई बार हो चुकी है। एसएसओ ने बताया कि बातचीत का ऑडियो उसके पास साक्ष्य के रूप में सुरक्षित है। इसी बातचीत का ऑडियो पूर्व में वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला चर्चा में आया था। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 352 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Jaunpur News :वायरल ऑडियो प्रकरण में सपा नेता पर प्राथमिकी
सितंबर 11, 2026
Tags
