6651 बच्चों को मिला पुरस्कार, माताओं को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 25 सितंबर को जिले के 2217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 27,110 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 6651 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार के रूप में बच्चों को लंच बॉक्स, बैग, वाटर बॉटल, पेंसिल, किताब आदि सामग्री वितरित की गई। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पोर्टल से प्रमाण पत्र जनरेट होने के बाद प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का चयन स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं शारीरिक विकास से संबंधित विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की माताओं को भी सम्मानित किया गया और उन्हें बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए जरूरी जानकारी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी। माताओं को बच्चों के दैनिक भोजन में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, साफ कपड़े पहनाने, स्वच्छ भोजन देने तथा आसपास के वातावरण को साफ रखने के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों के वजन और लंबाई की नियमित निगरानी कराने तथा वृद्धि में किसी प्रकार की कमी या असामान्यता दिखाई देने पर समय से स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में माताओं एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: टोल फ्री नंबर 14447 पर दे फसल नुकसान की जानकारी
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel