नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को पात्र युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।
निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सिपाह स्थित गोयंका होंडा के आसपास अनावश्यक रूप से कूड़ा-कचरा डंप किए जाने की समस्या पर नगर पालिका परिषद जौनपुर के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में प्लेज पार्क विकसित किए जाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
औद्योगिक क्षेत्र सीडा में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने तथा त्रिलोचन महादेव औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर उद्यमियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक, उद्यमी मित्र भानु प्रकाश दूबे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: जौनपुर की बेटियों ने मंडलीय वॉलीबॉल में जीता खिताब
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
