Jaunpur News: बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम के सख्त निर्देश, कायाकल्प व स्मार्ट क्लास पर जोर

Naya Savera Network

करंजाकला और मुंगराबादशाहपुर में कम प्रगति पर बीईओ से मांगा स्पष्टीकरण, विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, छात्र नामांकन, लर्निंग आउटकम, डिजिटल लाइब्रेरी, मिड-डे मील सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।


समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कायाकल्प के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराने तथा नए भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कराने को कहा। विभिन्न पैरामीटर पर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा में करंजाकला और मुंगराबादशाहपुर विकासखंड में कई बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।


स्मार्ट क्लास की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में इसके प्रभावी संचालन पर जोर दिया। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्मार्ट क्लास की नियमित निगरानी के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने और प्रतिदिन कक्षाओं के संचालन की वीडियो क्लिप साझा कराने के निर्देश दिए।


उन्होंने पंचायत भवनों में स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी का बच्चों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उनमें पढ़ने और अध्ययन की आदत विकसित हो सके। साथ ही विद्यालयों में नियमित रूप से पैरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों की शैक्षिक प्रगति और लर्निंग आउटकम की जानकारी देने के निर्देश दिए।


कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देने को कहा गया। विद्यालयों की छतों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को हटाने में लापरवाही की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


छात्र नामांकन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नामांकन बढ़ाने के लिए प्रभावी अभियान चलाने तथा बच्चों के बर्थ सर्टिफिकेट बनवाने की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी कराने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों के लर्निंग आउटकम में सुधार और शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार निगरानी एवं प्रयास करने के निर्देश दिए।


बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मड़ियाहूं उदयभान कुशवाहा तथा राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक संजय मिश्रा को जिलाधिकारी ने स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। जिला पूर्ति अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को सभी विद्यालयों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को मिड-डे मील उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक केके पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें | ट्राई का दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 जारी - मोबाइल रिचार्ज बाज़ार में ट्राई का मास्टरस्ट्रोक!


हमारे चैनल को फॉलो करें और हर खबर से अपडेट रहें। 

नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel 


एलआईसी के अभिकर्ता विनोद यादव की तरफ से श्रावण मास, स्वतंत्रता दिवस, नागपंचमी और रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
विज्ञापन

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!