नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं। राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर 24 सितंबर 2026 को मड़ियाहूं पीजी कॉलेज, मड़ियाहूं, जौनपुर के तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के तहत मड़ियाहूं रेलवे स्टेशन परिसर में स्वयंसेवकों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इसके अलावा मंदिर परिसर और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में बालिका विद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान विद्यार्थियों को पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोराम मिश्र, डॉ. विवेक कुमार सिंह, डॉ. सुषमा मिश्रा तथा डॉ. सुशील कुमार मिश्र सहित महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।
अभियान के माध्यम से “स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज और हरित पर्यावरण” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का सकारात्मक प्रयास किया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सपनों के भारत की तस्वीर रंगों से उकेरी
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

