चेतन सिंह
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के ओझापुर गांव में आबादी की जमीन और निर्माण को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर नौ लोगो को नामजद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में एक पक्ष से ललिता देवी की तहरीर पर रामप्रवेश, उनकी पत्नी सुमित्रा, पुत्र सिट्टू, नन्हकू और पुत्री देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि सभी आबादी की जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर ललिता देवी, उनके पति और सास के साथ मारपीट की गई। इस दौरान ललिता देवी के कान की झुमकी खींच ली गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष से सुमित्रा देवी की तहरीर पर सुरेश, रमेश, गीता देवी और ललिता देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि कच्चे मकान की छाजन की मरम्मत के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई और सामान छीन लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

