चेतन सिंह
बरसठी, जौनपुर। आबादी की जमीन के विवाद में बुधवार को बरसठी थाने से महज 200 मीटर दूर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे और पास की एक दुकान पर बैठकर तहरीर लिखवा रहे थे। इसी दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
थाना क्षेत्र के ओझापुर गांव निवासी एक पक्ष की सुमित्रा देवी और रामप्रवेश तथा दूसरे पक्ष के सुरेश पटेल, ललिता और गीता तहरीर तैयार करा रहे थे। आरोप है कि आबादी की जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। थाने के करीब हुई घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि मारपीट की जानकारी प्राप्त हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


