कोतवाली हनुमान मंदिर में भंडारे का आयोजन राज्यमंत्री ने वितरित किया प्रसाद
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। ज्येष्ठ माह के सातवें मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव द्वारा कोतवाली चौराहा स्थित हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड पाठ एवं आरती के पश्चात भण्डारे का आयोजन किया गया। राज्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान पण्डित रजनीकांत द्विवेदी द्वारा विधि-विधान से पूजन एवं मंत्रोच्चार के साथ सुंदरकांड पाठ से हुआ। तत्पश्चात राज्यमंत्री ने भगवान हनुमान की आरती उतारी। भण्डारे के प्रसाद का भगवान को भोग लगाकर प्रसाद वितरण का शुभारंभ किया।
राज्यमंत्री ने स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ पंक्तिबद्ध होकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार बजरंगबली की आराधना के लिए अत्यंत पावन होते हैं। हनुमान जी संकटमोचन हैं, उनकी कृपा से ही समाज में सुख, शांति और समृद्धि आती है। धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम भी हैं। भण्डारा प्रसाद वितरण के माध्यम से हम सबको मिल-जुलकर रहने, एक-दूसरे की सेवा करने और सामाजिक समरसता बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्थाओं और जनकल्याण के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मंदिरों का सौंदर्यीकरण, धार्मिक स्थलों तक सुगम मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं हमारी प्राथमिकता हैं। सरकार का प्रयास है कि हर गांव और शहर में विकास के साथ-साथ हमारी संस्कृति भी संरक्षित और संवर्धित हो। युवा शक्ति को खेल और संस्कार दोनों से जोड़कर ही हम सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत कुमार प्रजापति, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, मुरलीपाल, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पुष्पराज सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव मम्मन, महामंत्री अजय सिंह, पियूष गुप्ता, मनीष श्रीवास्तव, श्यामबाबू यादव, राजकेसर पाल, नगर अध्यक्ष सारिका सोनी, कमलेश, नंदलाल, ब्रह्मेश शुक्ला, प्रशांत सिंह, उमेंद्र, अजय यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।
| Advt |

0 टिप्पणियाँ