चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। ससुराल से तीन बेटियों के साथ घर लौट रहे पिता का ऑटो गुरुवार को दुर्घटना का शिकार हो गया। थाना क्षेत्र के भन्नौर गांव के पास बोलेरो की टक्कर से हुए हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। महुआरी गांव निवासी मुन्ना अपनी तीन बेटियों खुशबू, अंजलि और चांदनी के साथ गोपालापुर स्थित ससुराल से ऑटो द्वारा घर लौट रहे थे। दोपहर में उनका ऑटो भन्नौर गांव के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मुन्ना, उनकी तीनों बेटियां तथा ऑटो चालक बृजभान घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। उधर, दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो और बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |


0 टिप्पणियाँ