जौनपुर। तहसील शाहगंज में बेसमेंट और संकुचित स्थानों पर संचालित लाइब्रेरी, कोचिंग सेंटर और अस्पतालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम कुणाल गौरव, सीओ शाहगंज और एफएसएसओ की संयुक्त टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न संस्थानों में जाकर फायर सेफ्टी, वेंटिलेशन, इमरजेंसी एग्जिट और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। कई जगहों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और संचालकों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।एसडीएम कुणाल गौरव ने स्पष्ट किया कि कोचिंग लाइब्रेरी वह अन्य स्थानों पर बेसमेंट या बंद जगहों में संचालित संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। बिना अनुमति या नियमों के विपरीत चल रहे संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
इस अभियान में विशेष रूप से अस्पतालों और कोचिंग संस्थानों को प्राथमिकता दी गई, जहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिया कि वे अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करें और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और कई संस्थान संचालक अपने यहां व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे।
![]() |
| विज्ञापन |

