चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के पल्टूपुर गांव में जमीन पर कराई गई पत्थरगड्डी और नव निर्मित बाउंड्रीवाल गिराने के आरोप में लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
पल्टूपुर गांव स्थित आराजी संख्या 544 एवं 545 पर उपजिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पूर्व में राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में पत्थरगड्डी कराई गई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने लगाए गए पत्थरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके बाद 11 जून को नायब तहसीलदार तथा पुलिस बल की उपस्थिति में दोबारा पत्थरगड्डी कराई गई और सीमांकन के अनुरूप बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया। लेखपाल मंसूर बेग ने तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 14 जून की शाम को कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर लगाए गए पत्थरों और नव निर्मित बाउंड्रीवाल को गिरा दिया।
सूचना मिलने पर 15 जून को नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी बरसठी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान दीवार गिरी मिली, जिसके बाद दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि इसी दौरान नंदलाल गौतम, बच्चेलाल, पवन, राहुल गौतम, रमेश गौतम, संतलाल, रेखा देवी, सोनी गौतम, राजू गौतम, चांदनी गौतम, विमला देवी, अंजली गौतम समेत अन्य लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज की और धमकी दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों के वहां से जाने के बाद पुनः भूमि पर लगाए गए निशानों को मिटा दिया गया। पुलिस ने लेखपाल मंसूर की तहरीर पर नामजद आरोपितों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 132, 326(ई), 352 और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद नया नहीं है। इस प्रकरण में पूर्व में भी दोनों पक्षों से करीब 39 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। दोनो पक्षो में नलगातार बढ़ते विवाद और तनाव को देखते हुए प्रशासन भी मामले पर नजर बनाए हुए है। इस बीच घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। एक वीडियो में कुछ लोग बाउंड्रीवाल तोड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग रात्रि में लाठी-डंडा लेकर एक गली में जाते नजर आ रहे हैं।हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नही हो सकी है। राजस्व भूमि को लेकर चल रहे विवाद में दर्ज हुई नई प्राथमिकी के बाद गांव में एक बार फिर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही हैं।
![]() |
| विज्ञापन |



0 टिप्पणियाँ