नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत कुलसचिवों और परीक्षा नियंत्रकों के तबादले करते हुए छह अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्वांचल क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण फेरबदल में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलसचिव श्री केशालाल को स्थानांतरित कर काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही में परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है।
वहीं महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में नए कुलसचिव के रूप में श्री अमृत लाल की तैनाती की गई है। श्री अमृत लाल अब तक गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत थे।
शासनादेश के अनुसार महेंद्र कुमार को मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर से स्थानांतरित कर महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली का कुलसचिव बनाया गया है। वहीं हरीश चंद्र को रुहेलखंड विश्वविद्यालय से मिर्जापुर विश्वविद्यालय में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में संजीव कुमार सिंह को रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में परीक्षा नियंत्रक तथा अनिल कुमार यादव को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शकील अहमद सिद्दीकी द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर शासन को सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
| Advt |

0 टिप्पणियाँ