Jaunpur : ​गायत्री महायज्ञ से पहले निकली भव्य कलशयात्रा, मंत्रोच्चार से गूंजा खुदौली

Team NSN

खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के खुदौली गाँव में गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् पावन पुराण कथा एवं पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ के शुभारंभ से पहले शुक्रवार को भव्य कलशयात्रा निकाली गई। कलशयात्रा में महिलाओं और किशोरियों की बड़ी भागीदारी रही जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रामलीला मैदान स्थित महायज्ञ स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लग गया था। महिलाएं और किशोरियां पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर विधि-विधान से एकत्रित हुईं। कथा वाचक सरजू प्रसाद वानप्रस्थी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन कराया और गायत्री मंत्र के उच्चारण के बीच कलशयात्रा का शुभारंभ हुआ।
कलशयात्रा गाँव के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे क्षेत्र का भ्रमण करती रही। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार के साथ आगे बढ़ते रहे। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पूरा गांव ॐ भूर्भुवः स्वः के मंत्र से गुंजायमान रहा।
यात्रा पुनः रामलीला मैदान स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई जहां आगामी दिनों में श्रीमद् पावन पुराण कथा और पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शैलेन्द्र सिंह, अरुण सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, श्याम कन्हैया यादव, देवेंद्र सिंह, उमेश सिंह, शांति सागर सेठ, अवधेश पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के माध्यम से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया जाएगा तथा लोगों को संस्कार और सदाचार का संदेश दिया जाएगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!