#JaunpurLive : डीएम की धुआंधारी बल्लेबाजी के बाद भी हार गई टीम, कहा - 25 मई को मतदान है जरूरी

Team NSN

जौनपुर चुनाव क्रिकेट चैम्पियनशिप-2024 का हुआ आगाज़
मतदान प्रतिशत बढ़ाने हर संभव प्रयास कर रहा प्रशासन
जौनपुर। लोकतंत्र के महापर्व पर जौनपुर में आगामी 25 मई को लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के लिए मतदान होना है। जनपद का मतदान प्रतिशत बढ़ाने व युवा मतदाताओं को जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित एकलव्य स्टेडियम में टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस क्रिकेट टूर्नामेन्ट के माध्यम से मतदाताओं को आगामी 25 मई को मतदान करने हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने महिला, पुरूष, तृतीय पंथियों व दिव्यांग सभी मतदाताओं से अपील किया कि लोकतंत्र के महापर्व को मनाते हुए चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वयं मतदान करें और अन्य लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें विशेषकर जो मतदाता बाहर हैं उन्हें भी मतदान हेतु अवश्य बुलायें। स्वागत भाषण में क्रीड़ा अधिकारी डॉ अतुल सिन्हा ने कहा कि इस टूर्नामेन्ट में जनपद की 6 तहसीलों के अंतर्गत कुल 9 टीमें प्रतिभाग करेंगी। यह प्रतियोगिता 5 से प्रारम्भ होकर 11 मई तक चलेगी। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए सेल्फी प्वाइन्ट खिलाड़ियों के आकर्षण का केन्द्र रहा जहां खिलाड़ियों ने अपने साथियों के साथ सेल्फी भी लिया।
पहला मैच जिलाधिकारी एकादश एवं शेष जौनपुर एकादश के मध्य खेला गया। जिलाधिकारी एकादश ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। जिलाधिकारी द्वारा शानदार पारी खेलते हुए 2 छक्के एवं 8 चौके की मदद से 44 गेंद पर 50 रन बनाये गए। पहले विकेट की साझेदारी में जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ गोरखनाथ पटेल द्वारा 53 रन बनाया गया। जिसके जवाब में शेष जौनपुर एकादश ने 18.1 ओवर में 8 विकेट पर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। विपक्षी टीम से सर्वाधिक स्कोर 28 रन विजय विश्वकर्मा द्वारा बनाया गया। सेमीफाइनल मैच 10 मई को एवं फाइनल मैच 11 मई को खेला जायेगा। संचालन चन्दन सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी ने किया। मैच की कमेन्ट्री स्वीप कोआर्डिनेटर सैयद मो. मुस्तफा द्वारा की गई। इस अवसर पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के स्वीप नोडल प्रभारी ज्ञानेन्द्र पाल, अशोक सिंह, राजेश सिंह, रजनीश सिंह, भानू प्रताप शर्मा, विवेक यादव, रवि चन्द्र यादव, लाल साहब यादव एवं राकेश यादव आदि उपस्थित रहे।


from NayaSabera.com
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!