नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जापान के नागोया में आयोजित एशियाई खेल 2026 में भाला फेंक स्पर्धा में 84.35 मीटर के प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीतकर देश और जौनपुर का नाम रोशन करने वाले रोहित यादव रविवार को अपने गुरु के घर पहुंचे। जौनपुर के चांदमारी कॉलोनी स्थित खझड़ी सम्राट सत्य प्रकाश ‘मुन्ना’ के आवास पर उनका आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया।
संघर्ष के दिनों के रिश्ते को किया याद
रोहित यादव का सत्य प्रकाश ‘मुन्ना’ के परिवार से संघर्ष के दिनों से ही आत्मीय संबंध रहा है। खझड़ी सम्राट के पुत्र एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कुँवर शेखर गुप्ता ने विद्यार्थी जीवन में रोहित को पढ़ाया है। पदक जीतने के बाद रोहित उनके आवास पहुंचे और आशीर्वाद लिया। उन्होंने पुराने दिनों की यादें साझा करते हुए अपने गुरु के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
सत्य प्रकाश ‘मुन्ना’ ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर रोहित का स्वागत किया। डॉ. कुँवर शेखर गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समाजसेवी विक्रम गुप्ता, कलाविद् रविकांत जायसवाल और पीके टायर के अधिष्ठाता पवन प्रजापति ने भी माल्यार्पण कर बधाई दी। इस दौरान ऋचा अग्रहरि और अनिता देवी मौजूद रहीं।
युवाओं के लिए प्रेरणा है रोहित की सफलता
सत्य प्रकाश ‘मुन्ना’ ने कहा कि रोहित की सफलता जौनपुर की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है। डॉ. शेखर ने कहा कि ऊंचाइयों पर पहुंचने के बाद भी अपने संघर्ष, गुरुजनों और अपनों को याद रखना रोहित के संस्कारों को दर्शाता है। रोहित का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 87.68 मीटर है, जो उन्होंने 22 अगस्त 2026 को भुवनेश्वर में दर्ज किया।
यह भी पढ़ें | Ayodhya News: समाज का राजनीति पर पीएम, पत्रकारिता पर अधिक विश्वास: चौधरी भूपेंद्र सिंह
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


