नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद में एक अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों के सहयोग से साफ-सफाई, जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्रोत नष्ट करने और लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जिले में डेंगू के 26 और मलेरिया के 19 पुष्ट मरीज मिले हैं। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने 45,998 घरों में मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को चिह्नित कर नष्ट कराया। बुखार के लक्षण वाले 179 मरीजों की डेंगू और मलेरिया जांच कराई गई, जिनमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला।
पंचायती राज विभाग ने 1,733 स्थानों पर साफ-सफाई और झाड़ी कटाई कराई तथा 1,688 स्थानों पर नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की। नगर निकायों ने 380 मोहल्लों में फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराया। शिक्षा विभाग ने जागरूकता गोष्ठियों, रैलियों और प्रार्थना सभाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में जांच एवं उपचार की निःशुल्क व्यवस्था है। उन्होंने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, कूलर व अन्य बर्तनों का पानी नियमित बदलने, मच्छरदानी लगाने और बुखार होने पर तत्काल सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

