नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जलालपुर क्षेत्र के भाऊपुर स्थित आरडीएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में गुरुवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मछलीशहर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता आरडीएस ग्रुप ऑफ कॉलेज के अध्यक्ष संजीव सिंह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने मां सरस्वती और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद संजीव सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार सिंह ने फार्मासिस्टों की स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोगों को स्वस्थ रखने में फार्मासिस्टों की भूमिका अहम है।
इस अवसर पर कॉलेज की ओर से 400 से अधिक छात्र-छात्राओं को बैग एवं किट वितरित किए गए। वहीं रक्तदान करने वाले छात्रों को मोमेंटो एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। छात्रों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए करियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रही। सेवा पखवाड़े के दौरान कॉलेज के छात्रों ने रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर प्रेजेंटेशन, मॉडल प्रेजेंटेशन तथा फार्मास्युटिकल उत्पाद बनाने जैसी विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग किया। साथ ही रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष सत्य प्रकाश मौर्य ने किया। कॉलेज के चेयरमैन संदीप सिंह (पूर्व प्रमुख जलालपुर एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य) ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सुजीत सिंह, डॉ. सलीना पाठक, अजय सिंह, अरविंद सिंह, योगेश्वर शर्मा (योगी), कौशल यादव, शुभाषिणी निषाद, अतुल कुमार मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, शरद सरोज सहित कॉलेज के शिक्षक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: खटीक संत दुर्बल नाथ महाराज की जयंती पर आयोजित हुआ समारोह
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
