ज्ञानवी पाल, उजाला निषाद और जान्हवी वर्मा की टीम ने हासिल किया पहला स्थान, विजेताओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया प्रेरित
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। राज्य शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के तत्वावधान में राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के अंतर्गत शुक्रवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज, जौनपुर में जनपद स्तरीय रोल प्ले (भूमिका निर्वाह), पोस्टर पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीनों प्रतियोगिताओं में तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
निबंध प्रतियोगिता में तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा ज्ञानवी पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज पचवर, केराकत की कक्षा 10 की छात्रा अंशिका यादव द्वितीय तथा राजकीय हाई स्कूल परियावा, सिरकोनी की कक्षा 10 की छात्रा काजल गौतम तृतीय स्थान पर रहीं।
पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में ‘पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता’ तथा ‘जेंडर समानता’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों ने आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। इसमें तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा उजाला निषाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज पचवर, केराकत की कक्षा 12 की छात्रा अंजली सरोज ने द्वितीय तथा राजकीय हाई स्कूल परियावा, सिरकोनी की कक्षा 10 की छात्रा नैन्सी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रोल प्ले यानी भूमिका निर्वाह प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘पारस्परिक संबंध’ सहित विभिन्न सामाजिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसमें तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की जान्हवी वर्मा, वैष्णवी चौरसिया, स्वदीपिका सिंह एवं कशिश पाण्डेय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज पचवर, केराकत की ओम तिवारी, सौरभ तिवारी, अंश गुप्ता, रोशन मौर्य एवं आशीष यादव की टीम ने ‘स्वस्थ बढ़ना’ विषय पर प्रस्तुति देकर द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं राजकीय हाई स्कूल परियावा, सिरकोनी की प्रिंस, प्रांजल, प्रियांशु, आदर्श गौड़ एवं सचिन की टीम ने ‘मूल्य एवं जिम्मेदार नागरिक’ विषय पर प्रस्तुति देकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। विभिन्न विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, लैंगिक समानता, पारस्परिक संबंधों और जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ ही उनमें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं। प्रतियोगिता के नोडल प्रभारी डॉ. गनेश कुमार ने भी सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रभारी शिक्षक डॉ. मंजू सिंह, सरिता सिंह, गीता सहित विभिन्न विद्यालयों से आए मार्गदर्शक शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा पंडित दीनदयाल का जीवन : गिरीश चंद्र
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

