नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर समूह सखी कैडर संघ की जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया। समूह सखियों ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर अपर मजिस्ट्रेट को पत्र सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि 48 घंटे के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो सभी समूह सखी धरने पर बैठेंगी।
जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज ने बताया कि समूह सखियां अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में स्वयं सहायता समूह बनाकर उनका संचालन करती हैं। समूह से जुड़े अन्य कार्यों की जिम्मेदारी भी उनके पास रहती है। इसके बदले उन्हें हर महीने 2,000 रुपये मानदेय मिलता है।
समूह सखियों का कहना है कि यह मानदेय उनके लिए काफी कम है। इससे रोजमर्रा के खर्च के साथ मोबाइल रिचार्ज और आने-जाने का किराया निकालना भी मुश्किल होता है। उन्होंने शासन स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
समूह सखियों की प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति माह करना, काम के लिए टैबलेट उपलब्ध कराना, टैबलेट का रिचार्ज मुफ्त करना और आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता देना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने समूह सखियों को स्थायी करने, मुफ्त इलाज और पांच लाख रुपये का बीमा देने की मांग की।
महिलाओं ने काम के दौरान पहचान के लिए ड्रेस और आईडी प्रूफ उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। प्रदर्शन के दौरान मीनू सिंह, लक्ष्मी शर्मा, नीतू सिंह, सरिता यादव समेत बड़ी संख्या में समूह सखियां मौजूद रहीं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मड़ियाहूं में ग्राम विकास अधिकारी पर हमला, सरकारी दस्तावेज और डोंगल छीनने का आरोप
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
