नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। चंदवक के पुरानी बाजार स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर परिसर में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा की एक सप्ताह तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सोमवार को गणेश प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली गई, जिसे ‘चंदवक के राजा’ के नाम से सजाया गया था। शोभायात्रा में शामिल दो हाथी श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा चंदवक बाजार के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर लोग नाचते-गाते चल रहे थे। पूरे बाजार में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। महिलाएं भी भक्ति गीतों पर नृत्य करती नजर आईं।
शोभायात्रा के दौरान चंदवक पुलिस मौजूद रही। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
‘चंदवक के राजा’ की पूजा-अर्चना और शोभायात्रा की व्यवस्था में राजू मास्टर, चंद्रिका यादव, आशु गुप्ता, चंदन चौरसिया और अभिषेक गुप्ता समेत कई श्रद्धालुओं ने सहयोग किया। शोभायात्रा के दौरान पूरा चंदवक बाजार भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: कदमतर में टेम्पो से टकराई बाइक, मासूम समेत दो गंभीर घायल
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

