जौनपुर। जलालपुर थाना पुलिस ने कस्टम विभाग द्वारा जब्त सोना सस्ते दाम पर दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये लेने और तमंचा दिखाकर मारपीट व रुपये छीनने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में अशोक सिंह पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह निवासी सागरपुर कहले, थाना मऊआइमा, प्रयागराज और रामअवध पुत्र गोपईदास निवासी विगहिया, थाना सोरांव, प्रयागराज शामिल हैं। दोनों को बुधवार को इजरी मोड़ से पुलिस हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक कन्नौज के छिबरामऊ निवासी विकास वर्मा ने 5 सितंबर को थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि 13 अगस्त को सुमित्रानंदन श्रीवास्तव के परिचित रामअवध और अशोक सिंह ने उसे कस्टम विभाग द्वारा जब्त 100 ग्राम सोना 11 लाख रुपये में दिलाने की बात कही। इसके बाद 14 अगस्त को दोनों आरोपितों ने सोना दिलाने के नाम पर उससे 10 लाख रुपये नकद लिए और उसे बुलाया।
पीड़ित के अनुसार जब उसने सोना दिखाने को कहा तो आरोपितों ने तमंचा दिखाकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपितों और उनके साथियों ने 10 लाख रुपये छीन लिए और दोबारा वहां दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में जलालपुर थाने में अशोक सिंह, रामअवध, अजय सिंह और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उप निरीक्षक सुजीत कुमार ओझा कर रहे हैं। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारा भी बढ़ाई।
पुलिस के अनुसार अशोक सिंह के खिलाफ वर्ष 2021 में कानपुर दक्षिणी के नौबस्ता थाने में धोखाधड़ी और जाली मुद्रा से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक सुजीत कुमार ओझा, उप निरीक्षक नन्द कुमार राय, आरक्षी सुशील कुमार और आरक्षी कृष्णानन्द गौड़ शामिल रहे।

